Skip to main content

बदन पर तीरों की बौछार...

        उफ़्फ़! कितना ह्रदय-विदारक था वह अहसास, रूह तक को कंपा देने वाला !
   
     टैक्सास (अमेरिका ) में भयंकर तूफ़ान आया, विराट कोहली ने दोहरा शतक बनाया, बाबा राम रहीम को बलात्कार के जुर्म में बीस साल की कैद की सज़ा हो गई, यह ख़बरें अख़बार की सुर्खियाँ बन जाती हैं, लेकिन मुझे पता है मेरे साथ हुए प्राणान्तक हादसे को कोई तवज्जो नहीं देगा क्योंकि मैं एक आम आदमी हूँ, मेरी कोई पहुँच नहीं है। 
 
    तो मैं आपको बताऊँ कि मेरे साथ आज क्या गुज़री! आज सुबह जैसे ही मैं वॉशरूम में गया और नहाने के लिए नल (tap) खोला, बदन पर तीरों की बौछार पड़ी। हाँ, तीरों की बौछार ही तो थी यह क्योंकि यह सब अप्रत्याशित रूप से हुआ था। दरअसल नल का सिरा पहले से ही शॉवर वाली दिशा की तरफ था और ऑन करते ही अचानक जबरदस्त ठण्डे पानी की बौछार तीर की मानिन्द मेरे बदन पर पड़ी, वरना तो मैं धीरे-धीरे नहाने की ओर कदम बढ़ाता।...काँप उठी थी मेरी आत्मा !
 
    तीन दिन से लगातार हो रही बारिश के चलते छत की टंकी का पानी बर्फ़ीला हो चला था और ऐसे बर्फ़ीले ठण्डे पानी से नहाने की पीड़ा वही जान सकता है जिसने इसे भुगता हो। पिछले एक सप्ताह से गीज़र ठीक करने वाले को फोन करता रहा था पर वह आ ही नहीं रहा है, जबकि मेरी तरफ उसका कुछ भी बकाया नहीं है। मैं उन लोगों में से नहीं हूँ जो गरमी के मौसम में भी गर्म पानी से नहाते हैं लेकिन जुलाई माह के बाद ठण्डे पानी से नहाने वाले लोग तो कुछ मजबूर किस्म के लोग ही हो सकते हैं।
 
    मैंने अपने साथ हुए हादसे को जगजाहिर कर दिया है पर जानता हूँ कि कोई इसे तवज्जो नहीं देगा क्योंकि मैं एक आम आदमी हूँ, मेरी कोई पहुँच नहीं है। 

                                                          ***********


Comments

Popular posts from this blog

श्राद्ध (लघुकथा)

अभिजीत तन्मय हो कर वृद्धाश्रम में बुज़ुर्गों को खाना खिला रहा था। परोसगारी में आश्रम का एक कर्मचारी राघव भी उसकी मदद कर रहा था।  "हाँ जी, आ जाइये।" -दरवाज़े पर एक व्यक्ति को खड़ा देख राघव ने कहा।   अभिजीत ने पलट कर देखा, उसका चचेरा भाई परेश आया था।  "भाई साहब, भाभी ने मुझे बताया कि आप यहाँ हैं, जबकि मैंने पहले ही आपको सूचित कर दिया था कि आज सर्वपितृ अमावस्या का श्राद्ध है और मेरे यहाँ ब्राह्मण-भोज होगा। आपको भी भाभी के साथ मैंने अपने यहाँ निमंत्रित किया था न! मैं आपको लेने आया हूँ।" -परेश आते ही बोला।  "परेश, तुम उन पूर्वजों की शांति के लिए यह श्राद्ध करते हो, जिन्हें तुमने नहीं देखा, जबकि चाचा जी को वृद्धावस्था में अकेले छोड़ कर तुम अपने बीवी-बच्चों के साथ पृथक फ्लैट में रहते हो। क्या यह युक्तिसंगत है?... इन बुज़ुर्गों को देख रहे हो परेश? इनमें से कुछ लोग तो अपनी संतान के दुर्व्यवहार के कारण यहाँ हैं और कुछ को उनकी औलादों ने ही यहाँ छोड़ रखा है। ..." परेश और राघव चुपचाप खड़े अभिजीत को सुन रहे थे। अभिजीत ने कहना जारी रखा- "इन लोगों के न रहने पर इनकी औलादें द...

विनम्र श्रद्धांजलि !

    चींटियों के झुण्ड की तरह उमड़ता जन-सैलाब! प्रशासन भी आखिर संभाले तो कैसे, इस अंधी आस्था को? कुछ लोग इसमें शामिल होकर मोक्ष प्राप्त कर ही लेते हैं, अपने पीछे रोते-बिलखते निकट संबंधियों को छोड़ कर।… और धर्मांध लोगों को प्रेरित करने वाले निर्मोही तथाकथित संत और कथावाचकों ( निर्मोही इसलिए कि वह तो तथाकथित रूप से मोह-माया छोड़ जो चुके हैं ) के कानों पर जूँ तक नहीं रेंगती। वैसे भी वह कानों से ज़्यादा काम नहीं लेते, केवल उनकी जिव्हा चलती है। तो... जाते रहो धर्मान्ध मोक्ष-लाभार्थियों, ऐसी भगदड़ का हिस्सा बन कर मोक्ष पाने के लिए। परलोक सुधरेगा या नहीं, यह तो ईश्वर ही जाने, इहलोक ज़रूर बिगड़ जाएगा। मृतात्माओं को हम सभी की अश्रुपूरित श्रद्धांजलि 🙏🏼!

मुक्तक

                                                                                         मुक्तक            प्रभु से मेरी आरज़ू -                                                 रोटी मिले , कपड़ा मिले , छत मिले हर एक सिर को ,                                                माथे   पर...