Skip to main content

अहसास (लघुकथा)

                                                                                                                                                           


कोई पाँच-छः वर्ष की उम्र रही होगी उसकी। अन्धेरा हो आया था तो थोड़ा डर भी रहा था कलुआ। लेकिन घर (झुग्गी) जाकर करेगा भी क्या? भूख से कुलबुला रहा था सो हो सकता है कुछ खाने-चबाने को मिल जाए यहाँ, यही सोचकर बेचैन निगाहों से इधर-उधर ताक रहा था। निगाहों से अलग उसके नन्हे दिमाग में भी कुछ चल रहा था- उसकी माँ दो बरस पहले भगवान के घर चली गई थी, यही बताया था उसके बापू ने। फिर वह कहीं से दूसरी माँ ले आया था उसके लिए ...लेकिन वह उसकी माँ कहाँ थी, वह तो साल भर के छुटके की माँ थी...और बापू , वह भी तो पहले वाला बापू नहीं रहा था। खाना तो उसे पूरा मिलता नहीं था, छोटी-छोटी बातों पर मार या झिड़की जरूर मिलती थी। घर से आधा-अधूरा कुछ चबेना देकर उसे बाहर भेज दिया जाता था भीख मांगने के लिए। उसका बापू मंडी में मजदूरी करता था और थोड़ा-बहुत जो पैसा मिलता था उसका बड़ा हिस्सा रात को दारू में उड़ा देता था।


कलुआ ने अपनी निकर की जेब में हाथ डाल कर अपनी दिन भर की कमाई 'चार रुपयों' को सहलाया। उसे यह कमाई घर पर तो देनी ही होगी, मार भी खानी पड़ेगी इतनी कम कमाई के कारण। वह करे भी तो क्या, भीख कितनी मिलेगी, इस पर उसका कोई बस तो है नहीं।

विचार-शृंखला टूटी तो कलुआ को पुनः भूख का स्मरण हो आया। सहसा सड़क के किनारे चाट के ठेले के पास खड़े, कुछ खा-पी रहे एक परिवार पर उसकी नज़र पड़ी। वह लपका उधर कि शायद कुछ खाने को मिल जाए और हो सकता है एक-दो रुपये भी मिल जाएँ। उनके पास जाकर दो मिनट वह खड़ा रहा और फिर दीन स्वरों में कुछ पैसे और कुछ खाने की वस्तु के लिए गिड़गिड़ाने लगा। दो बच्चों वाले उस परिवार की महिला ने उसे झिड़क दिया- "भीख मांगने आ जाते हो, कुछ काम क्यों नहीं करते ?"

कलुआ को इस तरह की दुत्कार अक्सर मिलती थी सो वह इसका आदी हो चुका था और दुत्कारे जाने पर सामान्यतः वह किसी ओर के पास जाकर याचना करता था, लेकिन अभी तो उसे इतनी भूख लग रही थी कि यहाँ से निराश नहीं लौटना चाहता था। कातर भाव से उसने उस महिला से पुनः प्रार्थना की- "मुझे बहुत भूख लगी है, सुबह से कुछ नहीं खाया, मुझ पर दया करो।" महिला ने तिरस्कार भरी एक नज़र उस पर डाली और मुंह फेर लिया।

तभी उस परिवार के छोटे लड़के ने अपनी मम्मी को बताया कि उससे अब नहीं खाया जा रहा है और यह कह कर कचौरी के बचे हुए टुकड़े उसने कुछ दूरी पर फेंक दिये। पास में ही खड़ा जीभ लपलपाता एक कुता उस फेंके हुए खाद्य-पदार्थ की ओर लपका। उतनी ही फुर्ती से कलुआ भी झपटा और अँधेरे में पड़े कचोरी के एक बड़े टुकड़े को उठा लिया।

कुत्ता गुर्राया... कलुआ डर कर कुछ पीछे हटा, लेकिन कचोरी का टुकड़ा उसके हाथ से नहीं छूटा। कुत्ते ने दो पल कलुआ पर नज़र जमाई और फिर पलट कर 'कू- कू' की आवाज़ करते हुए अपने हिस्से के छोटे टुकड़े को चबाने लगा।

...शायद कुत्ते को कलुआ की भूख की गहनता का अहसास हो गया था।

 

                                                            *********


Comments

Popular posts from this blog

श्राद्ध (लघुकथा)

अभिजीत तन्मय हो कर वृद्धाश्रम में बुज़ुर्गों को खाना खिला रहा था। परोसगारी में आश्रम का एक कर्मचारी राघव भी उसकी मदद कर रहा था।  "हाँ जी, आ जाइये।" -दरवाज़े पर एक व्यक्ति को खड़ा देख राघव ने कहा।   अभिजीत ने पलट कर देखा, उसका चचेरा भाई परेश आया था।  "भाई साहब, भाभी ने मुझे बताया कि आप यहाँ हैं, जबकि मैंने पहले ही आपको सूचित कर दिया था कि आज सर्वपितृ अमावस्या का श्राद्ध है और मेरे यहाँ ब्राह्मण-भोज होगा। आपको भी भाभी के साथ मैंने अपने यहाँ निमंत्रित किया था न! मैं आपको लेने आया हूँ।" -परेश आते ही बोला।  "परेश, तुम उन पूर्वजों की शांति के लिए यह श्राद्ध करते हो, जिन्हें तुमने नहीं देखा, जबकि चाचा जी को वृद्धावस्था में अकेले छोड़ कर तुम अपने बीवी-बच्चों के साथ पृथक फ्लैट में रहते हो। क्या यह युक्तिसंगत है?... इन बुज़ुर्गों को देख रहे हो परेश? इनमें से कुछ लोग तो अपनी संतान के दुर्व्यवहार के कारण यहाँ हैं और कुछ को उनकी औलादों ने ही यहाँ छोड़ रखा है। ..." परेश और राघव चुपचाप खड़े अभिजीत को सुन रहे थे। अभिजीत ने कहना जारी रखा- "इन लोगों के न रहने पर इनकी औलादें द...

विनम्र श्रद्धांजलि !

    चींटियों के झुण्ड की तरह उमड़ता जन-सैलाब! प्रशासन भी आखिर संभाले तो कैसे, इस अंधी आस्था को? कुछ लोग इसमें शामिल होकर मोक्ष प्राप्त कर ही लेते हैं, अपने पीछे रोते-बिलखते निकट संबंधियों को छोड़ कर।… और धर्मांध लोगों को प्रेरित करने वाले निर्मोही तथाकथित संत और कथावाचकों ( निर्मोही इसलिए कि वह तो तथाकथित रूप से मोह-माया छोड़ जो चुके हैं ) के कानों पर जूँ तक नहीं रेंगती। वैसे भी वह कानों से ज़्यादा काम नहीं लेते, केवल उनकी जिव्हा चलती है। तो... जाते रहो धर्मान्ध मोक्ष-लाभार्थियों, ऐसी भगदड़ का हिस्सा बन कर मोक्ष पाने के लिए। परलोक सुधरेगा या नहीं, यह तो ईश्वर ही जाने, इहलोक ज़रूर बिगड़ जाएगा। मृतात्माओं को हम सभी की अश्रुपूरित श्रद्धांजलि 🙏🏼!

मुक्तक

                                                                                         मुक्तक            प्रभु से मेरी आरज़ू -                                                 रोटी मिले , कपड़ा मिले , छत मिले हर एक सिर को ,                                                माथे   पर...