Skip to main content

जनता के सब्र का और अधिक इम्तहान न लिया जाए !

     हमारे शहर की फतहसागर झील का शाम से रात तक का आलम इतना खूबसूरत होता है कि पर्यटक तो पर्यटक, शहर के नुमाइन्दों के पैर भी खुद-ब-खुद इसकी ओर चले आते हैं। जैसे अन्य शहरवासी अपनी शाम को खुशनुमां बनाने के लिए यहाँ आते हैं, मैं भी अपने परिवार के साथ अक्सर यहाँ आ जाया करता हूँ। यहाँ चहलकदमी करते हुए जब हमारी आँखें यहाँ के दिलकश नज़ारे को पी रही होती हैं, हवा के मदहोश झौकों से रिदम मिलाती  झील के निर्मल पानी की तरंगों के साथ-साथ उड़ता-मंडराता हमारा मनपंछी वहीं कहीं खो जाता है।
     इस स्वप्नलोक से जब अनायास ही हम वास्तविक लोक में लौटते हैं और वहाँ  के जन-समुदाय पर नज़र पड़ती है, तब लोगों के बीच पुलिस विभाग के कुछ सिपाही वहाँ गश्त करते नज़र आते हैं। हठात् मन में एक ख़याल उभर आता है कि इस खूबसूरत जगह पर अपने परिवार के साथ घूमने आने का क्या इन सिपाहियों का मन नहीं करता होगा! इस ख़याल के साथ ही उनके प्रति, उनकी मुस्तैद ड्यूटी के प्रति मन शृद्धा से भर जाता है। यह भी विचार आता है कि ईमानदार व कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मियों को यदा-कदा पुरस्कृत भी किया जाना चाहिए।
... लेकिन जब इनकी बिरादरी के कुछ लोगों की ऐसी हरकतों पर ध्यान जाता है जैसा कि यहाँ शेयर किये गये अख़बार के आलेख में दिखाई दे रहा है तो ऐसी हैवानियत देखकर मन वितृष्णा और घृणा से भर जाता है।  मन की समस्त भावुकता जो कभी-कभी इनके लिए उमड़ती है, एकदम तिरोहित हो जाती है।
    यहाँ मैं यह कहना चाहूंगा कि पुलिसिया खाल में छिपे ऐसे भेड़ियों को चिन्हित किया जाकर पकड़ा जाए और इनको दण्डित करने के लिए कठोरतम सजा का प्रावधान किया जावे। देखा गया है कि कई बार पुलिस-कर्मियों का अपराध सामने आने पर उन्हें लाइन हाज़िर कर दिया जाता है और कुछ समय बाद मामला ठंडा होने पर वापस मलाईदार जगह पर पदस्थापित कर दिया जाता है। मिलीभगत के इस खेल को फ़ौरन ख़त्म किया जाना चाहिए।
    समाज को सही दिशा और नैतिकता का पाठ पढ़ाने का जिम्मा लेने की आड़ में  भ्रष्ट आचरण करने वाले धूर्त बाबा (तथाकथित संत) जिस दर्जे के गुनहगार हैं, उससे भी अधिक गुनहगार वह पुलिसकर्मी हैं जो जनता की सुरक्षा के लिए क़ानून-रक्षक का कर्तव्य निबाहने की बजाय चन्द रुपयों के लिए भक्षक की भूमिका में रहते हैं।
    जनता के वोट लेकर ऐश की ज़िन्दगी जी रहे और पुलिस को अपनी ही कार्य-सिद्धियों के लिए मोहरा बना कर रखने वाले नेताओं को अब सुधर जाना चाहिए तथा अपराध से जुड़े पुलिसकर्मियों के लिए आजीवन कारावास का प्रावधान किया जाना चाहिए। समान अपराध के लिए सामान्य-जन के मुकाबले पुलिसकर्मियों को अधिक कठोर दण्ड दिया जाना चाहिए।
    जनता थक चुकी है, परेशां हो चुकी है। उसके सब्र का और अधिक इम्तहान नहीं लिया जाना चाहिए।

             
                 


Comments

Popular posts from this blog

श्राद्ध (लघुकथा)

अभिजीत तन्मय हो कर वृद्धाश्रम में बुज़ुर्गों को खाना खिला रहा था। परोसगारी में आश्रम का एक कर्मचारी राघव भी उसकी मदद कर रहा था।  "हाँ जी, आ जाइये।" -दरवाज़े पर एक व्यक्ति को खड़ा देख राघव ने कहा।   अभिजीत ने पलट कर देखा, उसका चचेरा भाई परेश आया था।  "भाई साहब, भाभी ने मुझे बताया कि आप यहाँ हैं, जबकि मैंने पहले ही आपको सूचित कर दिया था कि आज सर्वपितृ अमावस्या का श्राद्ध है और मेरे यहाँ ब्राह्मण-भोज होगा। आपको भी भाभी के साथ मैंने अपने यहाँ निमंत्रित किया था न! मैं आपको लेने आया हूँ।" -परेश आते ही बोला।  "परेश, तुम उन पूर्वजों की शांति के लिए यह श्राद्ध करते हो, जिन्हें तुमने नहीं देखा, जबकि चाचा जी को वृद्धावस्था में अकेले छोड़ कर तुम अपने बीवी-बच्चों के साथ पृथक फ्लैट में रहते हो। क्या यह युक्तिसंगत है?... इन बुज़ुर्गों को देख रहे हो परेश? इनमें से कुछ लोग तो अपनी संतान के दुर्व्यवहार के कारण यहाँ हैं और कुछ को उनकी औलादों ने ही यहाँ छोड़ रखा है। ..." परेश और राघव चुपचाप खड़े अभिजीत को सुन रहे थे। अभिजीत ने कहना जारी रखा- "इन लोगों के न रहने पर इनकी औलादें द...

विनम्र श्रद्धांजलि !

    चींटियों के झुण्ड की तरह उमड़ता जन-सैलाब! प्रशासन भी आखिर संभाले तो कैसे, इस अंधी आस्था को? कुछ लोग इसमें शामिल होकर मोक्ष प्राप्त कर ही लेते हैं, अपने पीछे रोते-बिलखते निकट संबंधियों को छोड़ कर।… और धर्मांध लोगों को प्रेरित करने वाले निर्मोही तथाकथित संत और कथावाचकों ( निर्मोही इसलिए कि वह तो तथाकथित रूप से मोह-माया छोड़ जो चुके हैं ) के कानों पर जूँ तक नहीं रेंगती। वैसे भी वह कानों से ज़्यादा काम नहीं लेते, केवल उनकी जिव्हा चलती है। तो... जाते रहो धर्मान्ध मोक्ष-लाभार्थियों, ऐसी भगदड़ का हिस्सा बन कर मोक्ष पाने के लिए। परलोक सुधरेगा या नहीं, यह तो ईश्वर ही जाने, इहलोक ज़रूर बिगड़ जाएगा। मृतात्माओं को हम सभी की अश्रुपूरित श्रद्धांजलि 🙏🏼!

मुक्तक

                                                                                         मुक्तक            प्रभु से मेरी आरज़ू -                                                 रोटी मिले , कपड़ा मिले , छत मिले हर एक सिर को ,                                                माथे   पर...