Skip to main content

केबीसी का सात करोड़ का सवाल (प्रहसन)

केबीसी में अमृता देवी एक करोड़ जीत चुकी थीं। सात करोड़ का सवाल पूछा जाने वाला था। अमृता जी पचपन वर्ष की सामान्य शक्ल-सूरत की प्रौढ़ महिला थीं। अमिताभ जी वैसे भी बोर हो रहे थे। उन्होंने अमृता जी को, जैसा कि वह हमेशा से करते आये हैं, चेताया- "आप एक करोड़ जीत रही हैं। आप चाहें तो यहीं से क्विट कर सकती हैं। अगर आप इस सवाल को हल नहीं कर पाईं, तो तीन लाख बीस हज़ार पर गिर जाएँगी।"

अमृता जी ने सवाल पर एक बार और निगाह डाली। 

सवाल में अमिताभ जी ने पूछा था- "कल रात डिनर में मैंने कौन-सी दाल खाई थी? आपके ऑप्शन हैं ये -

(A) चने की दाल (B) मसूर की दाल (C) उड़द की दाल (D) काबुली चना 

अमृता जी ने विचार किया। अमिताभ जी वयोवृद्ध व्यक्ति हैं। इस उम्र में चना, या उड़द की दाल कम से कम रात के वक्त तो नहीं ही खाते होंगे। चौथे ऑप्शन में दाल नहीं, काबुली चना है। अतः ले दे कर एक ही उत्तर सही बैठता है और वह है मसूर की दाल। वह विश्वास के साथ बोलीं- "जी सर, मैं खेलूँगी।" 

अमृता जी के साथ गेम खेलते उनको लग रहा था कि अनावश्यक ही यह महिला अगले प्रतियोगी का चांस ख़राब कर रही है। उन्होंने मन ही मन (😊) नाक-भौं सिकोड़ी और प्रकट में बोले- "जैसी आप की मर्जी। हम तो किसी को भी मना नहीं करते। आप तीन लाख बीस हज़ार पर गिर कर ही मानेंगी, ऐसा लगता है।"

अमृता जी ने जवाब दिया- "ऑप्शन B सही है सर!"

"क्या किया जाए? आपको लॉक करने के लिए कहना पड़ेगा।" -अमिताभ जी ने बिना मुस्कुराये कहा। 

"ऑप्शन B को लॉक कर दें।" -अमृता जी ने दृढ़ता से कहा। 

"ओह, आपका जवाब ग़लत है। सही जवाब C है। अब आप तीन लाख बीस हज़ार पर आ गिरी हैं। जो होना था, सो हो गया। ईश्वर की इच्छा को कौन टाल सकता है? खैर, आपका जीता हुआ तीन लाख बीस हज़ार रुपया आपके बैंक खाते में ट्रांसफर किया जाता है। लीजिये, पहुँच गया तुरंत आपके खाते में।"

और अमृता जी आश्चर्य के साथ मुँह लटकाये और भुनभुनाते हुए कि बुढ़ऊ इस उम्र में भी रात के वक्त उड़द की दाल खाता है, हॉल में अपनी जगह पर चली जाती हैं। 

तभी परदे के पीछे से अमिताभ जी के लिए प्रायोजक का बुलावा आता है। अमिताभ जी अपनी कुर्सी से उठ कर जाते हैं। 

प्रायोजक- "क्या करते हो अमिताभ जी? वास्तविक वाला सवाल न पूछ कर आपने यह निजी प्रश्न क्यों पूछ लिया।"

"आपने ही तो कहा था कि सात करोड़ किसी को नहीं मिलना चाहिए। अगर मैं वास्तविक सवाल पूछता तो उसके जीत जाने की सम्भावना हो सकती थी।"

"लेकिन अगर इस आसान से सवाल का जवाब वह दे देती, अगर उसने जवाब में ऑप्शन C कह दिया होता, तो क्या सात करोड़ जीत नहीं जाती वह?"

"ऐसे कैसे जीत जाती सर? मैं तुरंत कह देता कि उसका जवाब ग़लत है।"

"लेकिन अमिताभ जी, आपके अनुसार आपने कल रात उड़द की दाल ही तो खाई थी? वैसे आपको अपेक्षाकृत पाचक मसूर की दाल खानी चाहिए थी।"

"मैंने मसूर की दाल ही खाई थी।" -अमिताभ मुस्कुराये।  

"इसका मतलब आपने जानबूझ कर सही जवाब को ग़लत कह दिया?" -प्रायोजक ने साश्चर्य पूछा। 

"हर एपिसोड का मेहनताना मुझे आप देते हैं श्रीमान, प्रतिभागी नहीं।" -अमिताभ जी ने जवाब दिया।

*******


 



 






Comments

Popular posts from this blog

श्राद्ध (लघुकथा)

अभिजीत तन्मय हो कर वृद्धाश्रम में बुज़ुर्गों को खाना खिला रहा था। परोसगारी में आश्रम का एक कर्मचारी राघव भी उसकी मदद कर रहा था।  "हाँ जी, आ जाइये।" -दरवाज़े पर एक व्यक्ति को खड़ा देख राघव ने कहा।   अभिजीत ने पलट कर देखा, उसका चचेरा भाई परेश आया था।  "भाई साहब, भाभी ने मुझे बताया कि आप यहाँ हैं, जबकि मैंने पहले ही आपको सूचित कर दिया था कि आज सर्वपितृ अमावस्या का श्राद्ध है और मेरे यहाँ ब्राह्मण-भोज होगा। आपको भी भाभी के साथ मैंने अपने यहाँ निमंत्रित किया था न! मैं आपको लेने आया हूँ।" -परेश आते ही बोला।  "परेश, तुम उन पूर्वजों की शांति के लिए यह श्राद्ध करते हो, जिन्हें तुमने नहीं देखा, जबकि चाचा जी को वृद्धावस्था में अकेले छोड़ कर तुम अपने बीवी-बच्चों के साथ पृथक फ्लैट में रहते हो। क्या यह युक्तिसंगत है?... इन बुज़ुर्गों को देख रहे हो परेश? इनमें से कुछ लोग तो अपनी संतान के दुर्व्यवहार के कारण यहाँ हैं और कुछ को उनकी औलादों ने ही यहाँ छोड़ रखा है। ..." परेश और राघव चुपचाप खड़े अभिजीत को सुन रहे थे। अभिजीत ने कहना जारी रखा- "इन लोगों के न रहने पर इनकी औलादें द...

विनम्र श्रद्धांजलि !

    चींटियों के झुण्ड की तरह उमड़ता जन-सैलाब! प्रशासन भी आखिर संभाले तो कैसे, इस अंधी आस्था को? कुछ लोग इसमें शामिल होकर मोक्ष प्राप्त कर ही लेते हैं, अपने पीछे रोते-बिलखते निकट संबंधियों को छोड़ कर।… और धर्मांध लोगों को प्रेरित करने वाले निर्मोही तथाकथित संत और कथावाचकों ( निर्मोही इसलिए कि वह तो तथाकथित रूप से मोह-माया छोड़ जो चुके हैं ) के कानों पर जूँ तक नहीं रेंगती। वैसे भी वह कानों से ज़्यादा काम नहीं लेते, केवल उनकी जिव्हा चलती है। तो... जाते रहो धर्मान्ध मोक्ष-लाभार्थियों, ऐसी भगदड़ का हिस्सा बन कर मोक्ष पाने के लिए। परलोक सुधरेगा या नहीं, यह तो ईश्वर ही जाने, इहलोक ज़रूर बिगड़ जाएगा। मृतात्माओं को हम सभी की अश्रुपूरित श्रद्धांजलि 🙏🏼!

मुक्तक

                                                                                         मुक्तक            प्रभु से मेरी आरज़ू -                                                 रोटी मिले , कपड़ा मिले , छत मिले हर एक सिर को ,                                                माथे   पर...